टॉय पार्क सेक्टर-33 में यीडा सीईओ की अध्यक्षता में इंटरैक्टिव सत्र सम्पन्न, आवंटियों को यूनिट जल्द क्रियाशील करने के निर्देश

शहर और राज्य, NewsAbhiAbhiUpdated 29.07.25 IST
टॉय पार्क सेक्टर-33 में यीडा सीईओ की अध्यक्षता में इंटरैक्टिव सत्र सम्पन्न, आवंटियों को यूनिट जल्द क्रियाशील करने के निर्देश

टॉय पार्क सेक्टर-33 में यीडा सीईओ की अध्यक्षता में इंटरैक्टिव सत्र सम्पन्न, आवंटियों को यूनिट जल्द क्रियाशील करने के निर्देश

ग्रेटर नोएडा, 28 जुलाई 2025 यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) द्वारा सेक्टर-33 स्थित टॉय पार्क के आवंटियों के साथ एक महत्वपूर्ण इंटरैक्टिव सत्र का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी आर.के सिंह ने की, जिसमें लीज डीड निस्तारण, कब्जा प्रमाण पत्र निर्गमन, भवन मानचित्र स्वीकृति एवं निर्माण कार्य से जुड़ी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

 

बैठक में जानकारी दी गई कि टॉय पार्क योजना के अंतर्गत अब तक कुल 140 भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं, जिनमें से 97 आवंटियों को चेकलिस्ट जारी कर दी गई है। इनमें से 84 आवंटियों ने लीज डीड निष्पादन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूर्ण कर ली है।

सीईओ ने कहा कि क्लस्टर टॉय पार्क योजना, केंद्र एवं उत्तर प्रदेश सरकार की एक महत्वाकांक्षी परियोजना है, जिसका उद्देश्य प्रदेश में खिलौना उद्योग को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने सभी आवंटियों को निर्देशित किया कि योजना ब्रोशर के नियमों के अनुसार लीज डीड निष्पादन के पश्चात निर्धारित समयावधि में अपने यूनिट्स को क्रियाशील करना सुनिश्चित करें।

 

इसके लिए प्राधिकरण द्वारा सभी आवंटियों से आग्रह किया गया है कि वे अपनी लीज डीड निष्पादन की तिथि, कब्जा प्राप्ति की तिथि तथा भवन मानचित्र स्वीकृति की तिथि के साथ एक स्पष्ट कार्ययोजना (Action Plan) शीघ्र उपलब्ध कराएं, ताकि पार्क में शीघ्र निर्माण कार्य आरंभ हो और निर्धारित समय में उत्पादन शुरू किया जा सके।

 

इस सत्र के माध्यम से प्राधिकरण ने न सिर्फ आवंटियों की समस्याएं सुनीं, बल्कि समयबद्ध विकास के लिए मार्गदर्शन भी प्रदान किया। टॉय पार्क योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से क्षेत्र में रोजगार के अवसरों के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बल मिलने की उम्मीद है।

 

Recommended

Follow Us