ग्रेटर नोएडा के 64 गांवों में लगेंगी स्ट्रीट व हाईमास्ट लाइटें—प्राधिकरण ने ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर शुरू की कार्रवाई

शहर और राज्य, NewsAbhiAbhiUpdated 29.07.25 IST
ग्रेटर नोएडा के 64 गांवों में लगेंगी स्ट्रीट व हाईमास्ट लाइटें—प्राधिकरण ने ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर शुरू की कार्रवाई

 ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने जेवर विधानसभा के अंतर्गत आने वाले 64 गांवों में स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट लगाने की योजना को मंजूरी दे दी है। प्राधिकरण के सीईओ एन. जी. रवि कुमार के निर्देश पर विद्युत अभियांत्रिकी विभाग ने ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर कार्यवाही प्रारंभ कर दी है। इस अभियान की निगरानी एसीईओ प्रेरणा सिंह कर रही हैं।

3740 स्ट्रीट लाइटें और 80 हाईमास्ट लाइटें लगेंगी
वर्क सर्किल-3 के वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल ने बताया कि उक्त 64 गांवों में कुल 3740 स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। साथ ही श्मशान घाट, कब्रिस्तान, प्लेग्राउंड, बारातघर, चौराहों और स्कूलों में 80 हाईमास्ट लाइटों की स्थापना होगी। कंपनियों का चयन किया जा चुका है और उन्हें कार्य शुरू करने के निर्देश भी दे दिए गए हैं।

रोजा याकूबपुर और खोदना खुर्द में 6% आबादी भूखंड पर भी कार्य प्रारंभ
रोजा याकूबपुर और खोदना खुर्द के छह फीसदी आबादी भूखंडों में विद्युतीकरण और स्ट्रीट लाइट स्थापना हेतु सीईओ के निर्देश पर वर्क सर्किल-1 की टीम ने स्थल निरीक्षण किया। रिपोर्ट एसीईओ प्रेरणा सिंह को सौंपी गई, जिन्होंने तुरंत मंजूरी दे दी। अब कार्य की टेंडर प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही काम शुरू होने की तैयारी है।

रिहायशी सेक्टरों में भी चला सुधार अभियान
कार्य से पहले वर्क सर्किल-2 के वरिष्ठ प्रबंधक सौरभ भारद्वाज की अगुवाई में टीम ने ग्रेटर नोएडा के सेक्टर अल्फा वन व टू, बीटा वन व टू, गामा वन व टू, डेल्टा वन, टू व थ्री और ईटा वन व टू में अभियान चलाकर खराब स्ट्रीट लाइटों व हाईमास्ट लाइटों को दुरुस्त कराया।

एसीईओ का बयान
“प्राधिकरण की टीम ने सर्वे के आधार पर ब्लैक स्पॉट चिन्हित कर लिए हैं। इन स्थानों पर तय समयसीमा में स्ट्रीट और हाईमास्ट लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे सुरक्षा और सुविधा दोनों में सुधार होगा।”

Recommended

Follow Us