
मुंबई। रियलिटी शो की दुनिया में हर दिन कुछ नया देखने को मिलता है। अब ऐसा ही एक नया शो दर्शकों के लिए रविवार यानी 1 फरवरी से शुरू होने वाला है, जिसका नाम है 'द 50'। इसमें रोमांच, रणनीति, दोस्ती और सरप्राइज का तड़का है। इसमें कोई तय नियम या फिक्स एलिमिनेशन सिस्टम नहीं है। यहां दर्शकों को सब कुछ अचानक होता दिखेगा। यह शो भारत में बड़े सेलिब्रिटी और रियलिटी स्टार्स के लिए तैयार किया गया है, जहां 50 कंटेस्टेंट्स अपनी समझ, खेल और सर्वाइवल स्किल के दम पर एक-दूसरे से मुकाबला करेंगे। शो का आइडिया फ्रांस के इंटरनेशनल शो 'लेस सिनक्वांटे' से लिया गया है। फ्रांस में इसका चौथा सीजन युवाओं के बीच काफी पॉपुलर रहा। इसके बाद पोलैंड और जर्मनी में भी यह शो अमेजन प्राइम वीडियो पर लॉन्च हुआ और टॉप रैंक में आया। अमेरिका में हिस्पैनिक चैनल टेलीमुंडो ने इसे प्रसारित किया। अब इस फॉर्मेट को भारतीय दर्शकों की पसंद और जरूरत के अनुसार ढाला गया है। 'द 50' की सबसे बड़ी खासियत इसका अनोखा फॉर्मेट है। यहां 50 सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स को दस टीमों में बांटा गया है, हर टीम में पांच मेंबर हैं और हर टीम का एक कप्तान है। टीमें नियमित टास्क में हिस्सा लेती हैं और इन टास्क में जीतने वाली टीम को पावर और फायदे मिलते हैं, जबकि हारने वाली टीम अनसेफ जोन में चली जाती है। यहां बड़ा ट्विस्ट यह है कि अनसेफ टीम में से बाहर कौन जाएगा, यह जीतने वाली टीमें तय करती हैं। इससे खेल में हमेशा दबाव, योजना और रणनीति बनी रहती है।