नवजीवन इंटर कॉलेज में स्वच्छ पर्यावरण एवं स्वस्थ जीवन वैज्ञानिकता जागरूकता अभियान आयोजित

शहर और राज्य, NewsAbhiAbhiUpdated 11.02.26 IST
 नवजीवन इंटर कॉलेज में स्वच्छ पर्यावरण एवं स्वस्थ जीवन वैज्ञानिकता जागरूकता अभियान आयोजित
गौतमबुद्धनगर,। नोएडा के भंगेल स्थित नवजीवन इंटर कॉलेज में जिला विज्ञान क्लब गौतम बुद्ध नगर के तत्वावधान में स्वच्छ पर्यावरण एवं स्वस्थ जीवन वैज्ञानिकता जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के वैज्ञानिक महत्व से अवगत कराना रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि पर्यावरण हमारे जीवन का आधार है—“पर्यावरण नहीं तो हम नहीं।” स्वस्थ और संतुलित जीवन के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया गया। इसी क्रम में विद्यार्थियों ने पर्यावरण से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने अनुभवों के आधार पर मॉडल प्रस्तुत किए और यह बताया कि दैनिक जीवन में छोटे-छोटे प्रयासों से किस प्रकार अपने आसपास के पर्यावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखा जा सकता है।
अभियान में कुल 150 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर रव्या और अजि की टीम को प्रथम पुरस्कार, तविशी और साक्षी की टीम को द्वितीय पुरस्कार तथा अंशिका और शिल्पी की टीम को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप नोटबुक, पेन और प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम की रूपरेखा जिला विज्ञान क्लब गौतम बुद्ध नगर की समन्वयक डॉ अर्चना शिरोमणि द्वारा तैयार की गई। मुख्य अतिथि के रूप में मोहकम सिंह चौहान, पूर्व प्रधानाचार्य नवजीवन इंटर कॉलेज उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पुष्पेंद्र सिंह, प्रधानाचार्य नवजीवन इंटर कॉलेज ने की। निर्णायक मंडल में अरविंद कुशवाहा (गल्गोटिया इंजीनियरिंग कॉलेज) और अमृता शामिल रहीं।
कार्यक्रम का मंच संचालन राजेश कुमार और सचिन ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
 

Recommended

Follow Us