
नई दिल्ली । सुबह की शुरुआत अगर हल्के, स्वादिष्ट और सेहतमंद नाश्ते से हो जाए तो पूरा दिन अच्छा निकलता है। ऐसे में दलिया एक ऐसा भोजन है, जो सुबह के नाश्ते से लेकर रात के खाने तक आपकी सेहत का भरोसेमंद साथी बन सकता है। आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में लोग अक्सर जंक फूड या बाहर का तला-भुना खाना खा लेते हैं जो पेट और सेहत दोनों के लिए नुकसानदायक होता है, लेकिन अगर आप रोज के खाने में दलिया शामिल कर लें, तो यह शरीर को जरूरी पोषण देने के साथ-साथ आपको कई बीमारियों से भी बचाने में मदद करता है। दलिया पचने में हल्का होता है और पेट पर बोझ नहीं डालता, इसलिए इसे किसी भी समय खाया जा सकता है। दलिया में भरपूर मात्रा में फाइबर, प्रोटीन, विटामिन और मिनरल्स पाए जाते हैं जो पाचन तंत्र को मजबूत बनाते हैं। नियमित रूप से दलिया खाने से कब्ज, गैस और एसिडिटी जैसी समस्याओं में काफी राहत मिलती है। यही वजह है कि डॉक्टर और आयुर्वेद विशेषज्ञ भी इसे रोजाना खाने की सलाह देते हैं।