रायबरेली में चीख-पुकार : निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार कार ने 9 लड़कियों को रौंदा, 4 की मौत

शहर और राज्य, NewsAbhiAbhiUpdated 09.02.26 IST
 रायबरेली में चीख-पुकार : निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे पर तेज रफ्तार कार ने 9 लड़कियों को रौंदा, 4 की मौत

रायबरेली (डलमऊ)। रायबरेली के जगतपुर थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। निर्माणाधीन गंगा एक्सप्रेस-वे पर एक अनियंत्रित तेज रफ्तार कार ने मंदिर से भंडारे का प्रसाद लेकर लौट रही 9 लड़कियों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में 4 लड़कियों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। भंडारे से लौटते समय हुआ हादसा जानकारी के अनुसार, चूली गांव में नवनिर्मित मंदिर में आयोजित भंडारे से प्रसाद लेकर ग्राम पंचायत कोडर की 10-12 लड़कियां पैदल अपने घर लौट रही थीं। शाम करीब 7 बजे लालगंज की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई लड़कियां एक्सप्रेस-वे के किनारे बने गहरे गड्ढों में जा गिरीं। मृतकों और घायलों की स्थिति हादसे में शालिनी (22), हिमांशी (23), रश्मि (14) और आसमा (18) की मौत हो गई। दो लड़कियों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि दो अन्य की जान अस्पताल ले जाते समय चली गई। घायल 5 लड़कियों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

निर्माणाधीन एक्सप्रेस-वे पर अवैध आवाजाही बनी काल एसपी रवि कुमार ने बताया कि गंगा एक्सप्रेस-वे अभी यातायात के लिए आधिकारिक तौर पर खोला नहीं गया है। इसके बावजूद स्थानीय लोग और वाहन चालक नियमों को ताक पर रखकर इस पर गाड़ियां दौड़ा रहे हैं, जो इस हादसे का मुख्य कारण बना। पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है, हालांकि चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।
विधायक और अधिकारियों ने लिया जायजा घटना की सूचना मिलते ही सीओ अरुण नौहार और विधायक मनोज पांडेय जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों के उपचार की जानकारी ली। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार चालक की तलाश में दबिश दे रही है।

Recommended

Follow Us