उदयपुर। राजस्थान सरकार के बजट 2026-27 को उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन ने शहर के सर्वांगीण विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और वित्त मंत्री दीया कुमारी ने उदयपुर की लंबे समय से लंबित मांगों को पूरा कर शहरवासियों को बड़ी सौगात दी है। विशेष रूप से आयड़ चौकी को पूर्ण पुलिस थाना बनाने और शहर में बिजली के तारों को अंडरग्राउंड करने की घोषणा को उन्होंने उदयपुर की बड़ी जीत बताया।
विधायक जैन पिछले दो वर्षों से आयड़ चौकी को थाने में क्रमोन्नत करवाने के लिए प्रयासरत थे। वित्त मंत्री को लिखे गए पत्रों और व्यक्तिगत प्रयासों के बाद अब आयड़ को पूर्ण पुलिस थाना घोषित किया गया है। उन्होंने बताया कि आयड़ एक प्राचीन सभ्यता स्थल और संवेदनशील धार्मिक क्षेत्र है। थाना बनने से यहां पुलिस निरीक्षक (सीआई) स्तर के अधिकारी तैनात होंगे और स्टाफ की संख्या बढ़ेगी, जिससे क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण होगा।
बजट में उदयपुर को ‘सिग्नल फ्री’ शहर बनाने की घोषणा भी की गई है। विधायक ने कहा कि इससे ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत मिलेगी और पर्यटकों व स्थानीय नागरिकों का समय बचेगा। साथ ही शहर में झूलते बिजली के तारों और केबलों से होने वाले हादसों को रोकने के लिए 8 करोड़ रुपये की अंडरग्राउंड केबलिंग योजना स्वीकृत की गई है। इसके तहत शहर के प्रमुख हिस्सों में तार जमीन के भीतर किए जाएंगे।
पर्यटन और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। आरएनटी कॉलेज परिसर में मरीजों के परिजनों के लिए अत्याधुनिक विश्रांति गृह बनाया जाएगा। घायल वन्यजीवों के उपचार के लिए उदयपुर में ‘स्पेशलाइज्ड सेंटर्स फॉर ट्रीटमेंट ऑफ वाइल्ड एनिमल्स’ स्थापित किए जाएंगे। साथ ही प्रदूषण की निगरानी के लिए शहर में ‘नॉइज मॉनिटरिंग स्टेशन’ लगाया जाएगा।
विधायक ताराचंद जैन ने कहा कि यह बजट “सबका साथ, सबका विकास” की भावना पर आधारित है, जिसमें किसान, युवा, महिला और मध्यम वर्ग सभी का ध्यान रखा गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन घोषणाओं के धरातल पर उतरने से उदयपुर न केवल पर्यटन की दृष्टि से सशक्त होगा, बल्कि नागरिकों के जीवन स्तर में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा।