सेफ इंटरनेट डे पर गौतमबुद्धनगर में वर्कशॉप, युवाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

शहर और राज्य, NewsAbhiAbhiUpdated 11.02.26 IST
 सेफ इंटरनेट डे पर गौतमबुद्धनगर में वर्कशॉप, युवाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

 सेफ इंटरनेट डे पर गौतमबुद्धनगर में वर्कशॉप, युवाओं को साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

नोएडा।   नोएडा में सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर जनपद गौतमबुद्धनगर में इंटरनेट के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। एनआईसी सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे ने की। कार्यशाला का उद्देश्य सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना और डिजिटल प्लेटफॉर्म के सुरक्षित उपयोग के बारे में जानकारी देना रहा। कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल तकनीक के तेजी से बढ़ते उपयोग के साथ साइबर अपराध भी बढ़ रहे हैं, इसलिए सभी को सावधानी बरतना बेहद जरूरी हो गया है। इंटरनेट उपयोग में सावधानी और जागरूकता पर जोर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) मंगलेश दुबे ने कहा कि इंटरनेट अब रोजमर्रा की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है, इसलिए डिजिटल प्लेटफॉर्म का उपयोग करते समय विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपील की कि वे खुद भी जागरूक रहें और आम नागरिकों को भी साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताएं। उन्होंने बच्चों में मोबाइल और इंटरनेट की बढ़ती लत पर चिंता जताते हुए कहा कि अभिभावकों को बच्चों के इंटरनेट उपयोग पर निगरानी रखनी चाहिए। जरूरत पड़ने पर पैरेंटल मॉनिटरिंग का इस्तेमाल किया जाए, ताकि बच्चे सुरक्षित डिजिटल वातावरण में रह सकें और पढ़ाई व सकारात्मक गतिविधियों पर ध्यान दे सकें।

साइबर अपराध से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए गए
कार्यशाला में साइबर क्राइम इंचार्ज बलजीत और साइबर थाने के इंस्पेक्टर अनुज कुमार सैनी ने डिजिटल धोखाधड़ी से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और ओटीपी या निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। डिजिटल पेमेंट एप जैसे फोन-पे, पेटीएम और अन्य ऑनलाइन माध्यमों का उपयोग करते समय सतर्कता जरूरी है। एप डाउनलोड करते समय उसकी विश्वसनीयता की जांच करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचने का सबसे बड़ा हथियार जागरूकता ही है और समय रहते सतर्क रहकर ही नुकसान से बचा जा सकता है।
सुरक्षित इंटरनेट दिवस का महत्व और डिजिटल जिम्मेदारी
अपर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी डॉली सिंह ने सुरक्षित इंटरनेट दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह दिवस हर वर्ष फरवरी के दूसरे मंगलवार को मनाया जाता है। इसका उद्देश्य समाज के हर वर्ग को सुरक्षित और जिम्मेदार इंटरनेट उपयोग के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा, डेटा गोपनीयता और डिजिटल शिष्टाचार को अपनाकर ही सुरक्षित डिजिटल माहौल बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण अधिकारी सतीश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Recommended

Follow Us