India GDP को लेकर आई बड़ी खबर, तेजी से बढ़ रही अर्थव्यवस्था

RP, कारोबार, NewsAbhiAbhiUpdated 19-11-2023 IST
 India GDP को लेकर आई बड़ी खबर, तेजी से बढ़ रही अर्थव्यवस्था
भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है। भारत की अर्थव्यवस्था में ऐतिहासिक बढ़ोतरी देखने को मिली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार भारत की इकोनॉमी 4 ट्रिलियन डॉलर के पार हो गई है। इसके साथ ही भारत दुनिया का चौथा सबसे बड़ा अर्थव्यवस्था वाला देश बनने के एक कदम करीब पहुंच गया है। खास बात है कि भारत की पांच ट्रिलियन डॉलर की इकोनॉमी हासिल करने के लक्ष्य की दिशा में यह एक बड़ा कदम है।
इस संबंध में दो केंद्रीय मंत्रियों और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने बयान दिया है। उनके बाद अब अरबपति कारोबारी गौतम अडाणी ने भी 19 नवंबर को भारतीय अर्थव्यवस्था के 4,000 अरब डॉलर का आंकड़ा पार करने की सराहना की। हालांकि अबतक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। केंद्र सरकार ने अब तक इस मील का पत्थर हासिल करने को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है। 
 
वित्त मंत्रालय और राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने भारत की जीडीपी के 4,000 अरब डॉलर को पार करने के संबंध में सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट पर कोई टिप्पणी नहीं की है। इस बीच, उच्च पदस्थ सूत्रों ने कहा कि सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रही यह खबर गलत है और भारत 4,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने से अभी दूर है। 
 
अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के आंकड़ों के आधार पर सभी देशों के लिए ताजा जीडीपी आंकड़ों का एक असत्यापित स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर साझा किया गया है। इसे साझा करने वालों में सत्तारूढ़ भाजपा के वरिष्ठ नेताओं सहित कई लोग शामिल हैं। सोशल मीडिया मंचों पर फडणवीस सहित कई राजनीतिक नेताओं ने इस उपलब्धि की सराहना की। इस संबंध में ट्वीट करने वालों में जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, केंद्रीय मंत्री किशन रेड्डी और तेलंगाना बीजेपी अध्यक्ष डी पुरंदेश्वरी शामिल हैं। 
 
देश के प्रमुख उद्योगपति अडाणी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा, बधाई हो भारत। भारत के 4,400 अरब डॉलर वाले जापान और 4,300 अरब डॉलर वाले जर्मनी को पीछे छोड़कर जीडीपी के लिहाज से तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने में सिर्फ दो साल बाकी हैं। तिरंगे की उड़ान जारी है! जय हिंद। सभी देशों के जीडीपी आंकड़ों की ताजा निगरानी बहुत मुश्किल है, क्योंकि अर्थव्यवस्था के विभिन्न क्षेत्रों के आंकड़े थोड़े अंतराल के साथ उपलब्ध होते हैं।
 
पहली तिमाही में हुई थी जबरदस्त ग्रोथ
 
वित्त वर्ष 2023-24 के दौरान पहली तिमाही में ही भारतीय टीम की जीडीपी में 7.8 प्रतिशत की ग्रोथ देखने को मिली थी। कुछ समय पहले ही भारतीय रिजर्व बैंक के गर्वनर शक्तिकांत दास ने देश की अर्थव्यवस्था को लेकर सकारात्मक बयान दिया था। शक्तिकांत दास ने 31 अक्टूबर को कहा था कि आर्थिक गतिविधियों के जो आंकड़े सामने आए हैं, उससे लगता है कि नवंबर के अंत तक जीडीपी के आंकड़े चौंकाने वाले होंगे।

 

Recommended

Follow Us